जयपुर एयरपोर्ट पर एयर इंडिया की फ्लाइट AI-1886 की एहतियातन इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। यह विमान भोपाल के राजा भोज एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना हुआ था। विमान में करीब 140 यात्री सवार थे और सभी के सुरक्षित होने की जानकारी सामने आई है।
जानकारी के मुताबिक, फ्लाइट ने सुबह करीब 8:47 बजे भोपाल से उड़ान भरी थी। इसका निर्धारित प्रस्थान समय 8:25 बजे था, जबकि इसे सुबह 9:55 बजे दिल्ली पहुंचना था। उड़ान के दौरान विमान में तकनीकी समस्या की सूचना मिलने के बाद पायलट ने एहतियाती कदम उठाते हुए विमान को जयपुर की ओर डायवर्ट करने का फैसला किया।
कुछ रिपोर्टों में विमान के इंजन में खराबी या इंजन फेलियर की बात कही जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। जयपुर एयरपोर्ट पर विमान की सुरक्षित लैंडिंग के बाद यात्रियों को उतारकर अराइवल हॉल में ले जाया गया।
अब एयर इंडिया की इंजीनियरिंग टीम विमान की तकनीकी जांच कर रही है। जांच पूरी होने और विमान को उड़ान के लिए सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद ही आगे की यात्रा को लेकर फैसला लिया जाएगा। गौरतलब है कि इससे पहले एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक फ्लाइट को लखनऊ एयरपोर्ट पर भी एहतियातन उतारा गया था। उस मामले में कार्गो में धुएं का अलार्म बजने के बाद विमान की जांच की गई थी, लेकिन शुरुआती जांच में धुएं के संकेत नहीं मिले थे।


