उत्तर प्रदेश के वाराणसी में सारनाथ थाना क्षेत्र के सारंग तालाब इलाके में पटाखे बनाते समय हुए भीषण विस्फोट से एक मकान ढह गया। हादसे में कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया।
जानकारी के अनुसार, पैगंबरपुर गांव के पास एक मकान में कथित तौर पर अवैध रूप से पटाखे बनाए जा रहे थे। इसी दौरान जोरदार धमाका हुआ, जिससे इमारत का बड़ा हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा। विस्फोट की आवाज दूर तक सुनाई दी और इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मलबे से दो लोगों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया है। अन्य लोगों के फंसे होने की आशंका को देखते हुए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की टीम को भी बुलाया गया। बचावकर्मी मलबा हटाकर फंसे लोगों की तलाश में जुटे हैं।
हादसे का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता देने को कहा है। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर मौजूद हैं। विस्फोट के कारणों और मकान में पटाखा निर्माण से जुड़ी गतिविधियों की जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, विस्तृत जानकारी जांच पूरी होने के बाद सामने आएगी।


