National

भरत तिवारी एनकाउंटर केस में बड़ा एक्शन: पहली गोली चलाने वाला STF जवान गिरफ्तार

बिहार के भोजपुर जिले में चर्चित भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। पुलिस ने एनकाउंटर के दौरान गोली चलाने के आरोपी स्पेशल टास्क फोर्स (STF) के एक जवान को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार जवान की पहचान अक्षय के रूप में हुई है। हालांकि, इस गिरफ्तारी को लेकर अभी तक पुलिस की ओर से विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

आरा के पुलिस अधीक्षक (SP) राज ने न्यूज एंजेशी से बातचीत में गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि भरत तिवारी एनकाउंटर में शामिल पुलिसकर्मी को हिरासत में लिया गया है। उन्होंने कहा कि यह संयुक्त अभियान आरा पुलिस और STF द्वारा चलाया गया था तथा मामले की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि आगे की कानूनी प्रक्रिया नियमानुसार पूरी की जाएगी।

गौरतलब है कि 17 जून को भोजपुर जिले के बिलौटी गांव निवासी भरत तिवारी की पुलिस एनकाउंटर में मौत हो गई थी। घटना के बाद उनके परिवार ने आरोप लगाया था कि भरत ने हथियार डालकर सरेंडर कर दिया था, इसके बावजूद उन्हें गोली मार दी गई। भरत की मां ने भी यही आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की थी।

मामले ने राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर भी तूल पकड़ा। हाल ही में बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भरत तिवारी के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया था। इसके बाद संबंधित पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई और जांच प्रक्रिया तेज हुई।

शुरुआत में पुलिस ने दावा किया था कि भरत तिवारी पुलिस पर फायरिंग कर रहे थे और जवाबी कार्रवाई में उन्हें गोली लगी। वहीं, परिजनों ने उन्हें सामाजिक कार्यकर्ता बताते हुए पुलिस के दावों पर सवाल उठाए हैं। अब STF जवान की गिरफ्तारी के बाद इस मामले की निष्पक्ष जांच और कानूनी कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।