Entertainment

रिलीज से पहले ‘लॉरेंस ऑफ पंजाब’ पर बैन, केंद्र सरकार का बड़ा फैसला

‘लॉरेंस ऑफ पंजाब’ नाम की चर्चित डॉक्यू-सीरीज अब ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज नहीं हो पाएगी। यह सीरीज 27 अप्रैल को स्ट्रीम होने वाली थी, लेकिन विवाद बढ़ने के बाद केंद्र सरकार ने इस पर रोक लगा दी है। जानकारी के मुताबिक, यह सीरीज कथित तौर पर गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के जीवन और अपराधों पर आधारित थी, जिसे लेकर कई पक्षों ने आपत्ति जताई थी।

इस मामले में पंजाब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा द्वारा दायर जनहित याचिका पर 24 अप्रैल को सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार ने पंजाब-हरियाणा हाई कोर्ट को बताया कि सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने तथ्यों के आधार पर इस वेब सीरीज के प्रसारण पर रोक लगाने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही ओटीटी प्लेटफॉर्म जी5 को एडवाइजरी जारी कर तत्काल प्रभाव से सीरीज की रिलीज रोकने के निर्देश दिए गए हैं।

इससे पहले पंजाब पुलिस ने भी इस सीरीज को लेकर चिंता जताई थी। पुलिस अधिकारियों का कहना था कि सीरीज में एक कुख्यात अपराधी के जीवन को दिखाया गया है, जिससे युवाओं पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है और अपराध का महिमामंडन होने का खतरा है। पुलिस ने आशंका जताई थी कि इस तरह का कंटेंट राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति को भी प्रभावित कर सकता है।

अमरिंदर सिंह राजा ने भी अपने पत्र में कहा था कि इस सीरीज के जरिए एक गैंगस्टर को ग्लोरिफाई करने की कोशिश की जा रही है, जो सार्वजनिक व्यवस्था के लिए ठीक नहीं है। बढ़ते विरोध और कानूनी प्रक्रिया के बाद आखिरकार केंद्र सरकार ने हस्तक्षेप करते हुए इस पर रोक लगा दी है।