National

RailOne ऐप से आसान होगा रेल का सफर, टिकट बुकिंग से लेकर ट्रेन की लोकेशन तक मिलेंगी कई सुविधाएं

भारतीय रेलवे यात्रियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए डिजिटल सेवाओं को लगातार बढ़ावा दे रहा है। इसी कड़ी में उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने यात्रियों से रेलवे के आधिकारिक सुपर ऐप ‘RailOne’ का अधिक से अधिक इस्तेमाल करने की अपील की है। इस ऐप के जरिए यात्रियों को टिकट बुकिंग से लेकर ट्रेन की लाइव लोकेशन तक कई सुविधाएं एक ही प्लेटफॉर्म पर मिल सकेंगी। रेलवे का उद्देश्य टिकट काउंटरों पर भीड़ कम करना और यात्रियों को सुविधाजनक सफर उपलब्ध कराना है।

RailOne ऐप की मदद से यात्री जनरल और प्लेटफॉर्म टिकट के साथ आरक्षित टिकट भी बुक कर सकते हैं। इसके अलावा पीएनआर स्टेटस, ट्रेन की वास्तविक लोकेशन, आगमन और प्रस्थान का समय, प्लेटफॉर्म नंबर और कोच पोजीशन की जानकारी भी प्राप्त कर सकते हैं। यात्रियों को सफर के दौरान ई-कैटरिंग के जरिए खाना ऑर्डर करने, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग यात्रियों के लिए व्हीलचेयर व कुली सेवा बुक करने तथा शिकायत दर्ज कराने के लिए रेल मदद की सुविधा भी मिलेगी।

इस ऐप के इस्तेमाल पर यात्रियों को आर्थिक लाभ भी दिया जा रहा है। अनारक्षित टिकट बुक करने पर 3 प्रतिशत अतिरिक्त बोनस छूट मिलेगी, जो सीधे आर-वॉलेट में जमा होगी। भुगतान के लिए यूपीआई, डेबिट-क्रेडिट कार्ड और नेट बैंकिंग जैसे विकल्प उपलब्ध हैं।

जम्मू मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने यात्रियों से ऐप अपनाने और अन्य लोगों को भी इसके इस्तेमाल के लिए प्रेरित करने की अपील की है। रेलवे का मानना है कि इससे सेवाएं अधिक सरल और पारदर्शी बनेंगी।