Maharashtra

पुणे एयरपोर्ट पर वायुसेना के फाइटर जेट की हार्ड लैंडिंग, रनवे अस्थायी रूप से बंद

पुणे इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शुक्रवार रात भारतीय वायुसेना के एक फाइटर जेट की हार्ड लैंडिंग के बाद रनवे को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया। इस घटना के चलते हवाई अड्डे पर सामान्य उड़ान संचालन प्रभावित हुआ और कई उड़ानों को अन्य एयरपोर्ट्स की ओर डायवर्ट करना पड़ा। पुणे एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, यह घटना रात लगभग 10:25 बजे हुई, जब लैंडिंग के दौरान विमान में तकनीकी खराबी आ गई और वह हार्ड लैंडिंग कर बैठा। इसके बाद रनवे पूरी तरह से अवरुद्ध हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रनवे को दोबारा चालू करने और सामान्य संचालन बहाल करने में कुछ घंटे लग सकते हैं।

भारतीय वायुसेना ने भी सोशल मीडिया पर बयान जारी करते हुए पुष्टि की कि एक विमान से जुड़ी घटना के कारण पुणे एयरपोर्ट का रनवे अस्थायी रूप से अनुपलब्ध हो गया है। वायुसेना ने स्पष्ट किया कि विमान का चालक दल सुरक्षित है और किसी भी नागरिक संपत्ति को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। साथ ही रनवे को जल्द से जल्द फिर से चालू करने के प्रयास जारी हैं। उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने भी स्थिति की पुष्टि की और कहा कि रनवे संचालन अस्थायी रूप से निलंबित किया गया है।

उन्होंने एक्स (X) पर लिखा कि राहत की बात यह है कि सभी लोग सुरक्षित हैं और एयरलाइंस को समय रहते सूचित कर दिया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि वे एयरपोर्ट निदेशक और वायुसेना अधिकारियों के लगातार संपर्क में हैं ताकि स्थिति जल्द सामान्य हो सके। इस घटना के चलते हवाई यातायात पर बड़ा असर पड़ा। फ्लाइटरडार24 के अनुसार, पुणे एयरपोर्ट पर उतरने वाली कम से कम आठ उड़ानों को सूरत, गोवा, नवी मुंबई, चेन्नई और कोयंबटूर जैसे अन्य एयरपोर्ट्स पर डायवर्ट किया गया। फिलहाल वायुसेना और एयरपोर्ट अधिकारी मिलकर रनवे को साफ और सुरक्षित करने में जुटे हुए हैं, ताकि जल्द से जल्द उड़ान संचालन सामान्य किया जा सके।