केंद्रीय राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह 4 से 8 मई 2026 तक न्यूयॉर्क में आयोजित इंटरनेशनल माइग्रेशन रिव्यू फोरम में भारत का नेतृत्व करेंगे। यह मंच संयुक्त राष्ट्र महासभा के तहत आयोजित किया जा रहा है, जहां वैश्विक स्तर पर माइग्रेशन से जुड़े मुद्दों और प्रगति की समीक्षा की जाएगी। इस दौरान कीर्तिवर्धन सिंह प्लेनरी सत्र में भारत का राष्ट्रीय वक्तव्य देंगे और “ई-माइग्रेट” डिजिटल मॉडल को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करेंगे। भारत इस विषय पर एक साइड इवेंट भी आयोजित करेगा, जिसमें माइग्रेशन गवर्नेंस में डिजिटल नवाचार की भूमिका को साझा किया जाएगा।
यह फोरम ग्लोबल कॉम्पैक्ट फॉर माइग्रेशन के क्रियान्वयन और सतत विकास लक्ष्यों के साथ इसके तालमेल पर चर्चा का प्रमुख मंच है। इसमें विभिन्न देशों के प्रतिनिधि राउंड टेबल, पॉलिसी डिबेट और प्लेनरी सत्रों में भाग लेंगे, जिसके अंत में एक प्रोग्रेस डिक्लेरेशन भी अपनाया जाएगा। दौरे के दौरान मंत्री की संयुक्त राष्ट्र के वरिष्ठ अधिकारियों और अन्य देशों के मंत्रियों के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी प्रस्तावित हैं। इससे पहले 2022 में हुए पहले IMRF में भी भारत ने सक्रिय भूमिका निभाते हुए प्रवासी भारतीयों के हितों की सुरक्षा पर जोर दिया था।









