National

BRICS की कमान भारत के हाथ, वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच नई दिशा देने की तैयारी

भारत 1 जनवरी से आधिकारिक तौर पर ब्रिक्स (BRICS) की अध्यक्षता संभालने जा रहा है। 11 और 12 दिसंबर को ब्राजीलिया में आयोजित ब्रिक्स शेरपाओं की बैठक के बाद यह जिम्मेदारी भारत को सौंपी गई। चौथे ब्रिक्स शेरपा सम्मेलन के समापन सत्र में 12 दिसंबर 2025 को ब्राजील ने औपचारिक रूप से भारत को यह दायित्व सौंपा, जिसके साथ ही 2026 के लिए नेतृत्व परिवर्तन की प्रक्रिया पूरी हुई।

भारत की अध्यक्षता ऐसे समय शुरू हो रही है जब अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप के दूसरे कार्यकाल के कारण वैश्विक व्यापार और कूटनीति में अस्थिरता बनी हुई है। वहीं, ब्राजील खुद भी अमेरिकी टैरिफ नीतियों से प्रभावित रहा है। इन परिस्थितियों के बावजूद भारत ने स्पष्ट किया है कि उसकी अध्यक्षता का केंद्र लचीलापन, नवाचार, आपसी सहयोग, सतत विकास और ब्रिक्स के मूल सिद्धांत रहेंगे।

पदभार ग्रहण समारोह के दौरान ब्राजील के शेरपा राजदूत मॉरीशियो लिरियो ने भारत के शेरपा राजदूत सुधाकर दलेला को ब्रिक्स की प्रतीकात्मक गदा सौंपी, जो नेतृत्व और जिम्मेदारी के हस्तांतरण का प्रतीक है। हालांकि ब्राजील 31 दिसंबर 2025 तक औपचारिक अध्यक्ष बना रहेगा, लेकिन यह बदलाव मौजूदा अंतरराष्ट्रीय हालात में भारत की बढ़ती रणनीतिक भूमिका का मजबूत संकेत माना जा रहा है।