National

भारत बना यूक्रेन का टॉप डीज़ल सप्लायर, अमेरिका से बढ़ते तनाव के बीच चौंकाने वाला ट्रेंड

एक ओर अमेरिका भारत पर रूसी तेल खरीदने को लेकर सख्त टैरिफ लगा रहा है, वहीं दूसरी ओर यूक्रेन भारत के डीज़ल पर तेजी से निर्भर हो रहा है. जुलाई 2025 में भारत, यूक्रेन का सबसे बड़ा डीज़ल सप्लायर बनकर उभरा है, जो उसकी कुल डीज़ल ज़रूरत का 15.5% हिस्सा पूरा कर रहा है. ऑयल एनालिटिक्स फर्म ‘नैफ्टोरिनोक’ के मुताबिक, जुलाई में भारत से रोज़ाना औसतन 2,700 टन डीज़ल की सप्लाई हुई – जो भारत के लिए भी रिकॉर्ड है. 2024 में भारत की हिस्सेदारी केवल 1.9% थी, जो अब कई गुना बढ़ चुकी है.

यह दिलचस्प इसलिए भी है क्योंकि अमेरिका ने भारत पर रूसी तेल खरीदने को लेकर 50% तक टैरिफ लगा दिया है. वहीं भारत, रूस से कच्चा तेल खरीदकर प्रोसेस कर उसे यूक्रेन समेत अन्य देशों को एक्सपोर्ट कर रहा है. यूक्रेन को भारतीय डीज़ल की सप्लाई रोमानिया और तुर्की जैसे देशों के रास्ते पहुंच रही है.

जनवरी से जुलाई 2025 तक, भारत यूक्रेन को 10.2% डीज़ल सप्लाई कर चुका है. हालांकि, कुल मात्रा के लिहाज़ से ग्रीस और तुर्की अभी भी आगे हैं. भारत-यूक्रेन द्विपक्षीय व्यापार 2022-23 में युद्ध के कारण गिरा था, लेकिन 2024-25 में इसमें सुधार देखा गया है. यूक्रेन से भारत का इंपोर्ट अब 1 अरब डॉलर के पार पहुंच गया है, जबकि एक्सपोर्ट भी धीरे-धीरे बढ़ रहा है.