National

मन की बात के 129वें एपिसोड में पीएम मोदी ने गिनाईं 2025 की उपलब्धियां, 2026 के लिए रखा विज़न

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज मन की बात कार्यक्रम के 129वें और वर्ष 2025 के अंतिम एपिसोड को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने बीते साल की उपलब्धियों के साथ-साथ आने वाले वर्ष 2026 की चुनौतियों और संभावनाओं पर भी विस्तार से बात की। पीएम मोदी ने कहा कि 2025 भारत के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धियों का वर्ष रहा, जिसमें देश ने सुरक्षा, खेल, विज्ञान, संस्कृति और वैश्विक मंचों पर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उन्होंने विज्ञान और अंतरिक्ष क्षेत्र की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए बताया कि शुभांशु शुक्ला अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन तक पहुंचने वाले पहले भारतीय बने। राष्ट्रीय सुरक्षा के संदर्भ में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को भारत की दृढ़ इच्छाशक्ति का प्रतीक बताया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि 2025 में भारत की आस्था, संस्कृति और विरासत एक साथ उभरकर सामने आई। प्रयागराज महाकुंभ और अयोध्या में राम मंदिर ध्वजारोहण जैसे आयोजनों ने देशवासियों को गर्व से भर दिया। युवाओं की नवाचार क्षमता का उदाहरण देते हुए उन्होंने Smart India Hackathon 2025 का उल्लेख किया, जहां छात्रों ने वास्तविक समस्याओं के व्यावहारिक समाधान प्रस्तुत किए। खेलों के क्षेत्र में भी 2025 ऐतिहासिक रहा, जब भारत ने क्रिकेट, पैरा स्पोर्ट्स और महिला खेलों में बड़ी सफलताएं हासिल कीं। अंत में पीएम मोदी ने प्रवासी भारतीयों से अपनी मातृभाषा से जुड़े रहने और उसे आगे बढ़ाने का संदेश भी दिया।