केन्या के साम्बुरू काउंटी में बुधवार को पर्यटकों को लेकर जा रहा एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में हेलीकॉप्टर में सवार सभी सात लोगों की मौत हो गई। मृतकों में इक्वाडोर के राष्ट्रीय खुफिया केंद्र के प्रमुख मिशेल सेन्सी-कोंटुगी, उनकी पत्नी स्टेफनी और पांच अमेरिकी नागरिक शामिल हैं। केन्या नागरिक उड्डयन प्राधिकरण (KCAA) के मुताबिक, दुर्घटना राजधानी नैरोबी से उत्तर दिशा में स्थित साम्बुरू काउंटी में स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 9:13 बजे हुई। हेलीकॉप्टर लोइसाबा वाइल्डलाइफ रिजर्व से उड़ान भरने के बाद हादसे का शिकार हुआ। विमान में एक पायलट और छह यात्री सवार थे।
दुर्घटना के बाद राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया, लेकिन खराब मौसम, अंधेरा और दुर्गम इलाका अभियान में बड़ी बाधा बने। केन्या रेड क्रॉस द्वारा साझा की गई तस्वीरों में घटनास्थल पर हेलीकॉप्टर में आग लगी दिखाई दी। अधिकारियों ने बताया कि कठिन परिस्थितियों के चलते बचाव अभियान को अगले दिन तक रोकना पड़ा। अमेरिकी विदेश विभाग ने पांच अमेरिकी नागरिकों की मौत की पुष्टि की है। वहीं, इक्वाडोर के परिवहन मंत्री रॉबर्टो लुक ने खुफिया प्रमुख और उनकी पत्नी की मौत पर शोक जताया। साम्बुरू उत्तरी केन्या का प्रसिद्ध पर्यटन क्षेत्र है, जो वन्यजीव, पहाड़ी इलाकों और सफारी के लिए दुनियाभर में लोकप्रिय है। पर्यटकों को यहां हेलीकॉप्टर से प्राकृतिक नजारों का आनंद भी कराया जाता है।


