पंजाब में भीषण गर्मी से फिलहाल राहत मिलने की कोई संभावना नहीं है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए राज्य में हीट वेव का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तापमान में और बढ़ोतरी होने की आशंका जताई गई है। हालांकि 11 जून के बाद मौसम में बदलाव की संभावना है, जब तेज हवाएं चलने से तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है। 12 और 13 जून को भी मौसम कुछ इसी तरह बना रह सकता है।
रविवार को राज्य के औसत अधिकतम तापमान में 1.1 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जो सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक रहा। बठिंडा में सबसे अधिक 44.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि फरीदकोट में 42.5, अबोहर में 42.2 और लुधियाना में 42 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। न्यूनतम तापमान में भी करीब एक डिग्री की बढ़ोतरी देखी गई। गुरदासपुर में सबसे कम 25 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी भी देखने को मिली।









