Crime Haryana

पुर्तगाल से भारत लाया गया हरियाणा का मोस्ट वांटेड गैंगस्टर अभय राणा, STF ने किया गिरफ्तार

हरियाणा पुलिस के मोस्ट वांटेड अपराधी Abhay Rana को विदेश से प्रत्यर्पण कर भारत लाया गया है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) और गृह मंत्रालय के सहयोग से आरोपी को पुर्तगाल से सफलतापूर्वक वापस लाया गया, जिसके बाद हरियाणा पुलिस और एसटीएफ ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, अभय राणा के खिलाफ जबरन वसूली, आपराधिक धमकी, संगठित अपराध सिंडिकेट चलाने, हत्या के प्रयास और रंगदारी जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से हरियाणा पुलिस की मोस्ट वांटेड सूची में शामिल था। जांच में सामने आया है कि करनाल जिले में दर्ज दो मामलों में अभय राणा और उसके साथियों पर स्थानीय व्यापारियों को सोशल मीडिया और व्हाट्सएप कॉल के जरिए धमकाकर पैसे वसूलने का आरोप है। विरोध करने पर गैंग के सदस्यों द्वारा मारपीट भी की जाती थी।

आरोपी के खिलाफ इंटरपोल के माध्यम से रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया था, जिसके बाद पुर्तगाल की एजेंसियों ने उसकी लोकेशन ट्रेस कर उसे गिरफ्तार किया। इसके बाद भारत सरकार के प्रत्यर्पण अनुरोध को मंजूरी दी गई और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे भारत भेजा गया। हरियाणा पुलिस की एस्कॉर्ट टीम आरोपी को लेकर शुक्रवार को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंची, जहां से उसे करनाल एसटीएफ ने अपनी हिरासत में ले लिया। पुलिस ने बताया कि अभय राणा के खिलाफ करनाल में दो मामले दर्ज हैं और आगे की जांच जारी है। रविवार को इस पूरे मामले का विस्तृत खुलासा किए जाने की संभावना है।