हरियाणा कांग्रेस में संगठन सृजन अभियान के तहत प्रस्तावित ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति फिलहाल टल गई है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, जिलाध्यक्षों ने प्रत्येक ब्लॉक के लिए दो-दो नाम प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह को भेज दिए हैं और सूची जल्द जारी होने की संभावना थी, लेकिन प्रदेश प्रभारी में हुए बदलाव के कारण प्रक्रिया को फिलहाल रोक दिया गया है। दरअसल, कांग्रेस हाईकमान ने बुधवार को हरियाणा के प्रदेश प्रभारी बी.के. हरिप्रसाद को पद से हटाकर कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंप दी, जिसके बाद हरियाणा में प्रदेश प्रभारी का पद खाली हो गया है। अब नए प्रदेश प्रभारी की नियुक्ति के बाद ही ब्लॉक अध्यक्षों के नामों पर अंतिम मुहर लगाई जाएगी।
सूत्रों के मुताबिक, नए प्रभारी के आने के बाद प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह और संगठन से जुड़े वरिष्ठ नेताओं के साथ विस्तृत चर्चा होगी। इसी मंथन के बाद ब्लॉक अध्यक्षों की अंतिम सूची जारी की जाएगी। गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत, पानीपत और हिसार जैसे जिलों में संगठन विस्तार के तहत कई नए ब्लॉक बनाए गए हैं, जिनके लिए संभावित उम्मीदवारों के नाम पहले ही भेजे जा चुके हैं। प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व का कहना है कि संगठन को मजबूत करने और संतुलित प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने के लिए सभी नामों पर नए प्रभारी के साथ विचार-विमर्श के बाद ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा। इससे स्पष्ट है कि हरियाणा कांग्रेस में संगठनात्मक पुनर्गठन की प्रक्रिया नए प्रदेश प्रभारी की नियुक्ति के बाद ही गति पकड़ेगी।









