पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ एक विवादित बयान को लेकर FIR दर्ज की गई है। यह मामला उनके उस भाषण से जुड़ा है, जिसमें उन्होंने बांग्लादेशी नागरिक उस्मान हादी की हत्या का मुद्दा उठाते हुए केंद्रीय गृह मंत्रालय और गृह मंत्री अमित शाह पर गंभीर आरोप लगाए थे। शिकायत के आधार पर सिलीगुड़ी के साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार, कोलकाता के रानी राशमोनी रोड पर आयोजित एक जनसभा में ममता बनर्जी ने उस्मान हादी की मौत का जिक्र किया था। उन्होंने दावा किया कि इस मामले के पीछे की परिस्थितियों को लेकर उन्हें जानकारी है और अप्रत्यक्ष रूप से गृह मंत्रालय की भूमिका पर सवाल खड़े किए। उनके बयान के बाद यह मामला राजनीतिक और कानूनी बहस का विषय बन गया।
इस संबंध में अधिवक्ता रिंकी सेन चटर्जी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि ममता बनर्जी के बयान से देश की छवि को नुकसान पहुंच सकता है और भारत-बांग्लादेश संबंधों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। शिकायतकर्ता का कहना है कि यदि उनके पास इस मामले से जुड़ी कोई ठोस जानकारी थी, तो उन्हें संबंधित केंद्रीय एजेंसियों या गृह मंत्रालय के समक्ष इसे रखना चाहिए था, न कि सार्वजनिक मंच से गंभीर आरोप लगाने चाहिए थे।
गौरतलब है कि उस्मान हादी की हत्या पिछले वर्ष दिसंबर में हुई थी। बताया जाता है कि उसे पश्चिम बंगाल की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने गिरफ्तार किया था। अब इस पूरे मामले में दर्ज FIR के बाद राजनीतिक माहौल और अधिक गर्माने की संभावना है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।









