Crime Uttar Pradesh

गाजियाबाद: एक अपराधी को पकड़ने गई पुलिस पर हमला, पुलिसकर्मी की मौत

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में एक वांटेड अपराधी को पकड़ने गई नोएडा पुलिस पर हमला कर दिया गया. भीड़ द्वारा पुलिस पर पथराव और गोलीबारी की गई,जिसमें एक पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल पुलिस कांस्टेबल को अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

बता दें कि रविवार देर रात नोएडा पुलिस की एक टीम गाजियाबाद के मसूरी थाना क्षेत्र के नाहल गांव में कादिर नाम के शातिर अपराधी को पकड़ने पहुंची थी. इसी दौरान बदमाश के परिजनों और उसके साथियों ने पुलिस टीम पर पथराव और गोलीबारी कर दी. इस दौरान एक गोली पुलिसकर्मी कांस्टेबल सौरभ को भी लग गई. जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए. आनन-फानन में पुलिस सौरभ को लेकर अस्पताल पहुंची. जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.उसके बाद नोएडा की क्राइम ब्रांच और फेस तृतीय थाना पुलिस ने दबिश देकर वांटेड कादिर को गिरफ्तार कर लिया.