National

आठ हाई कोर्ट को मिले नए मुख्य न्यायाधीश, केंद्र ने जारी की नियुक्तियां

केंद्र सरकार ने देश के आठ हाई कोर्ट में नए मुख्य न्यायाधीशों की नियुक्ति की है। ये नियुक्तियां सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की सिफारिश के कुछ दिनों बाद की गई हैं। कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने शनिवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर इसकी जानकारी साझा की। नियुक्तियों के तहत दिल्ली हाई कोर्ट के न्यायमूर्ति वल्लुरी कामेश्वर राव को पटना हाई कोर्ट का मुख्य न्यायाधीश बनाया गया है। वहीं, बॉम्बे हाई कोर्ट के न्यायमूर्ति रवींद्र वी. घुगे अब कलकत्ता हाई कोर्ट की जिम्मेदारी संभालेंगे।

छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट के न्यायमूर्ति संजय कुमार अग्रवाल को राजस्थान हाई कोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। इलाहाबाद हाई कोर्ट के न्यायमूर्ति महेश चंद्र त्रिपाठी बॉम्बे हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश होंगे।इसके अलावा पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट के न्यायमूर्ति अश्विनी कुमार मिश्रा को इसी हाई कोर्ट का मुख्य न्यायाधीश बनाया गया है। ओडिशा हाई कोर्ट के न्यायमूर्ति कृष्णा राम मोहापात्रा को छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट की कमान सौंपी गई है।

गुजरात हाई कोर्ट के न्यायमूर्ति अलपेश यशवंत कोग्जे मध्य प्रदेश हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश होंगे। वहीं राजस्थान हाई कोर्ट के न्यायमूर्ति पुष्पेंद्र सिंह भाटी को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख हाई कोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। इन नियुक्तियों से कई हाई कोर्ट में नेतृत्व स्तर पर महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिलेगा।