BBN Himachal

MSME क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए डॉ. रजनीश का बद्दी दौरा, बोले- युवाओं को उद्योग के अनुरूप बनाना है लक्ष्य

भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (एमएसएमई) मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव एवं विकास आयुक्त डॉ. रजनीश (IAS) ने अपने एक दिवसीय हिमाचल दौरे के दौरान बद्दी स्थित एमएसएमई टेक्नोलॉजी सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र की गतिविधियों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और उपलब्ध तकनीकी सुविधाओं का जायजा लिया। डॉ. रजनीश ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे छात्रों से बातचीत करते हुए कहा कि मंत्रालय का उद्देश्य युवाओं को उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशलयुक्त बनाना है, ताकि वे आत्मनिर्भर भारत अभियान में सक्रिय भूमिका निभा सकें।

उन्होंने केंद्र के अधिकारियों से विस्तारपूर्वक चर्चा कर उनके समक्ष आने वाली चुनौतियों की जानकारी ली और कहा कि प्रशिक्षण सुविधाओं को और आधुनिक बनाया जाए ताकि स्थानीय उद्यमी व छात्र दोनों को इसका अधिकतम लाभ मिल सके। उन्होंने बताया कि एमएसएमई क्षेत्र देश की जीडीपी में लगभग 30 प्रतिशत योगदान देता है, जिसे आने वाले वर्षों में बढ़ाने का लक्ष्य रखा गया है।

डॉ. रजनीश ने कहा कि बद्दी का यह टेक्नोलॉजी सेंटर स्थानीय उद्योगों के लिए बेहद उपयोगी साबित हो रहा है। यहां से प्रशिक्षित युवा न केवल उद्योगों में रोजगार पा रहे हैं, बल्कि उद्यमी भी अत्याधुनिक मशीनरी और तकनीकी सहायता से लाभान्वित हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि जल्द ही केंद्र में नई मशीनें और प्रशिक्षण मॉड्यूल जोड़े जाएंगे, जिससे उत्पादन, प्रशिक्षण और नवाचार की सभी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी। इस दौरान उनके साथ ए.के. गौत्तम, प्रो. सुखमन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।