National

NEET-PG में बदल सकता है एडमिशन का नियम, पर्सेंटाइल की जगह लागू होगी रैंक आधारित व्यवस्था

मेडिकल पीजी में दाखिले की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए बड़ी खबर है। राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) NEET-PG और NEET-सुपर स्पेशियलिटी (SS) की काउंसलिंग प्रक्रिया में बड़ा बदलाव करने की तैयारी कर रहा है। आयोग ने मौजूदा पर्सेंटाइल आधारित व्यवस्था की जगह रैंक आधारित सिस्टम लागू करने को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। हालांकि, नए नियमों को अभी अंतिम रूप दिया जाना बाकी है।

इस प्रस्ताव के तहत परीक्षा के परिणाम में उम्मीदवारों को पर्सेंटाइल अंक देने के बजाय केवल उनकी रैंक जारी की जा सकती है। इससे मेडिकल पीजी और सुपर स्पेशियलिटी में दाखिले के लिए मेरिट तय करने का तरीका बदल जाएगा। मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट में दाखिले और काउंसलिंग प्रक्रिया की समीक्षा के लिए गठित 12 सदस्यीय विशेषज्ञ समिति ने अपनी रिपोर्ट पेश की। इसमें बताया गया कि NMC नए नियमों पर काम कर रहा है। आयोग के सचिव ने एक अक्टूबर 2026 को स्वास्थ्य सेवा महानिदेशक (DGHS) को पत्र लिखकर इस प्रस्ताव की जानकारी दी थी। 23 सितंबर को हुई NMC की बैठक में इसे सैद्धांतिक मंजूरी मिली थी।

फिलहाल NEET-PG 2025 के क्वालिफाइंग कट-ऑफ को लेकर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई जारी है। केंद्र सरकार ने सामान्य वर्ग का कट-ऑफ 276 से घटाकर 103 और SC, ST तथा OBC वर्ग का 235 से घटाकर माइनस 40 कर दिया था। इस फैसले को कई याचिकाओं में चुनौती दी गई है। अब सभी की नजरें NMC के अंतिम नियमों पर हैं। नए सिस्टम के लागू होने की तारीख और विस्तृत प्रक्रिया अभी स्पष्ट नहीं है।