दिवाली से ठीक पहले देशभर के ग्राहकों को महंगाई का एक और झटका लगा है। देश की प्रमुख डेयरी कंपनी अमूल ने घी और मक्खन की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। नई दरें लागू होने के बाद अब ग्राहकों को इन उत्पादों की खरीदारी के लिए पहले के मुकाबले ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे। त्योहारों के मौसम में हुई इस बढ़ोतरी से घरेलू बजट प्रभावित होने की आशंका है। नई कीमतों के मुताबिक, अमूल के 1 किलो घी के कार्टन का दाम 630 रुपये से बढ़ाकर 680 रुपये कर दिया गया है। यानी ग्राहकों को अब एक पैक के लिए 50 रुपये अतिरिक्त देने होंगे। वहीं, 500 ग्राम प्योर घी के पाउच की कीमत 325 रुपये से बढ़कर 345 रुपये हो गई है। मक्खन की कीमतों में भी इजाफा किया गया है। अमूल के 100 ग्राम बटर पैक की कीमत अब 63 रुपये से बढ़कर 66 रुपये हो गई है। जबकि 500 ग्राम वाले पैक के लिए ग्राहकों को पहले के 310 रुपये के बजाय अब 325 रुपये चुकाने होंगे।
ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भी बढ़े दाम
अमूल के ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर घी की विभिन्न किस्में अलग-अलग कीमतों पर सूचीबद्ध हैं। यहां गाय का घी 740 रुपये प्रति लीटर, सागर घी 710 रुपये, प्योर घी 700 रुपये और भैंस का घी 720 रुपये प्रति लीटर की दर से उपलब्धता के लिए दिखाया गया है। हालांकि, कुछ उत्पाद और कॉम्बो पैक आउट ऑफ स्टॉक भी नजर आ रहे हैं।
मांग बढ़ने से सप्लाई पर दबाव
गुजरात और राजस्थान में मिलावटी घी के खिलाफ हुई कार्रवाई के बाद ब्रांडेड घी की मांग बढ़ने की खबरें हैं। खासकर अमूल के गाय के घी की मांग में तेजी देखी जा रही है, जिसके चलते कुछ बाजारों में इसकी उपलब्धता प्रभावित हुई है। गौरतलब है कि सितंबर 2025 में डेयरी उत्पादों पर GST की दर 12 फीसदी से घटाकर 5 फीसदी की गई थी। लेकिन कीमतों में ताजा बढ़ोतरी से उपभोक्ताओं को मिली राहत कम हो सकती है। दिवाली पर मिठाइयों और पकवानों की बढ़ती मांग के बीच घी और मक्खन के महंगे होने से त्योहार का बजट भी बिगड़ सकता है।


