मथुरा-वृंदावन के नागरिकों को आधुनिक और डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए भारतीय जनता पार्टी की सांसद Hema Malini ने बृहस्पतिवार को ‘मेरो मथुरा’ मोबाइल ऐप का शुभारंभ किया। यह ऐप मथुरा वृंदावन नगर निगम द्वारा विकसित किया गया है, जिसका उद्देश्य नागरिक सेवाओं को सरल, तेज और पारदर्शी बनाना है।
लॉन्च कार्यक्रम के दौरान हेमा मालिनी ने कहा कि यह ऐप लोगों के दैनिक कार्यों को आसान बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। अब नागरिकों को छोटी-छोटी समस्याओं या दस्तावेज़ संबंधी कार्यों के लिए नगर निगम कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। उन्होंने बताया कि लोग घर बैठे शिकायत दर्ज करा सकेंगे, विभिन्न सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे और आपातकालीन सहायता भी प्राप्त कर सकेंगे।
नगर आयुक्त जग प्रवेश के अनुसार, ऐप के माध्यम से सड़क, जलापूर्ति और कचरा प्रबंधन जैसी समस्याओं की शिकायत दर्ज कराई जा सकेगी। खास बात यह है कि नागरिक अपनी शिकायतों की स्थिति को रियल टाइम में ट्रैक भी कर पाएंगे। इसके साथ ही संबंधित अधिकारियों से सीधे संपर्क करने की सुविधा भी दी गई है।
ऐप के जरिए संपत्ति कर का ऑनलाइन भुगतान, जन्म एवं मृत्यु प्रमाणपत्र की प्रमाणित प्रतियों के लिए आवेदन जैसी सेवाएं भी उपलब्ध होंगी। इसके अलावा नागरिकों को सार्वजनिक सुविधाओं, अधिकारियों के संपर्क विवरण और महिलाओं, पुरुषों तथा दिव्यांगजन के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी भी एक ही प्लेटफॉर्म पर मिलेगी। कार्यक्रम के बाद हेमा मालिनी ने गोवर्धन परिक्रमा मार्ग पर HDFC Bank द्वारा स्थापित 500 सोलर लाइट्स का उद्घाटन भी किया, जिससे क्षेत्र में रोशनी और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।









