राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार शाम लाल किला मेट्रो स्टेशन के समीप धीमी गति से चल रही एक कार में जबरदस्त विस्फोट हुआ, जिसमें कम-से-कम नौ लोगों की मौत हो गई और 20 से अधिक लोग घायल हुए। अधिकारियों के अनुसार यह भीड़भाड़ वाले सिग्नल पर हुआ धमाका इतना शक्तिशाली था कि आसपास कई वाहन जलकर खाक हो गए और गाड़ियों की खिड़कियों के शीशे टूट गए। घायलों को तुरंत एलएनजेपी अस्पताल (लोक नायक जय प्रकाश अस्पताल) ले जाया गया।
पुलिस ने बताया कि धमाके वाली कार एक Hyundai i20 थी, जिसमें तीन लोग सवार थे। वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि विस्फोट के बाद मृतकों के शरीर में छर्रों या पंचर के निशान नहीं मिले हैं, जो आमतौर पर बम हमले में देखने को मिलते हैं — इसलिए यह आत्मघाती हमला है या नहीं, इसकी जांच चल रही है।
जांच के दौरान अब एक नई तस्वीर सामने आई है जिसमें एक नकाबपोश व्यक्ति उस i20 कार को खोल है जिसमें धमाका हुआ था। वाहन की नंबर प्लेट HR26CE7674 भी सामने आई है। फोरेंसिक टीम, एनएसजी, एनआईए और एफएसएल की टीमें घटनास्थल पर मौजूद हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि धमाका इतना तेज था कि कई मिनट तक कुछ सुनाई नहीं दे रहा था; आईटीओ तक आवाज गूंजती रही। वाहनों के शीशे टूट गए, लोग इधर-उधर भागते नजर आए। सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। फिलहाल किसी संगठन ने विस्फोट की जिम्मेदारी नहीं ली है, और पुलिस मोबाइल डंप डेटा, सीसीटीवी फुटेज व संदिग्धों के दस्तावेजों की जाँच कर रही है।









