आगामी पंजाब विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (AICC) ने राज्य की राजनीतिक स्थिति का आकलन करने के लिए तीन वरिष्ठ नेताओं को ऑब्जर्वर नियुक्त किया है। पार्टी हाईकमान ने यह जिम्मेदारी अजय माकन, मीनाक्षी नटराजन और भजन लाल जाटव को सौंपी है। तीनों नेता जल्द ही पंजाब का दौरा कर वहां के राजनीतिक माहौल और संगठन की स्थिति का जायजा लेंगे।
सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस नेतृत्व पहले ही पंजाब में दो चरणों में चुनावी सर्वे करवा चुका है। हालांकि दोनों सर्वेक्षणों में कई मुद्दों पर अलग-अलग निष्कर्ष सामने आए हैं। खासकर प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व और संगठनात्मक बदलावों को लेकर मतभेद देखने को मिले हैं।
इसी कारण हाईकमान अब जमीनी स्तर पर पार्टी की वास्तविक स्थिति जानना चाहता है। ऑब्जर्वर यह मूल्यांकन करेंगे कि राज्य में कांग्रेस की वर्तमान ताकत क्या है, किन क्षेत्रों में पार्टी को मजबूती की जरूरत है और आगामी चुनावों को लेकर मतदाताओं का रुझान किस दिशा में जा रहा है।
पंजाब दौरे के दौरान तीनों नेता पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और अन्य संबंधित नेताओं से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वे अपनी विस्तृत रिपोर्ट और सुझाव कांग्रेस नेतृत्व को सौंपेंगे। माना जा रहा है कि इन रिपोर्टों के आधार पर हाईकमान राज्य में अपनी चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देगा और संगठनात्मक स्तर पर जरूरी फैसले भी ले सकता है।









