भोपाल की मॉडल और अभिनेत्री ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उनकी सास और पूर्व जज गिरिबाला सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी उस समय हुई जब जबलपुर हाई कोर्ट ने उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी।
सूत्रों के अनुसार, गुरुवार सुबह से ही CBI टीम गिरिबाला सिंह से पूछताछ कर रही थी। लगभग सात घंटे की लंबी पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया। इससे पहले उनके बेटे समर्थ सिंह को भी CBI ने हिरासत में लिया था। अब दोनों से आमने-सामने पूछताछ की तैयारी की जा रही है ताकि बयानों में मौजूद विरोधाभासों की जांच की जा सके।
इससे पहले बुधवार को जबलपुर हाई कोर्ट में लगभग तीन घंटे की सुनवाई के बाद गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी गई थी। राज्य सरकार की ओर से महाधिवक्ता ने अदालत में पोस्टमार्टम रिपोर्ट का हवाला देते हुए बताया कि मृतका के शरीर पर सात एंटी-मॉर्टम चोटें पाई गई हैं, जो गंभीर संदेह पैदा करती हैं। अदालत को यह भी बताया गया कि ये चोटें फंदे से शव उतारने के दौरान संभव नहीं हैं।
अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान डिजिटल साक्ष्य भी जुटाए गए हैं और घर की तकनीकी जांच की गई है। FIR में दहेज प्रताड़ना, क्रूरता और मानसिक उत्पीड़न के आरोप दर्ज हैं। वॉट्सऐप चैट और गवाहों के बयानों को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है।
गिरिबाला सिंह पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 80(2) (दहेज मृत्यु), धारा 85 (क्रूरता) और धारा 3(5) (साझा आपराधिक दायित्व) समेत दहेज निषेध अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज है। जांच एजेंसी मामले की सभी पहलुओं से गहन पड़ताल कर रही है।









