अक्सर लोगों के पास अनजान नंबरों से कॉल आती रहती हैं, लेकिन हाल के दिनों में एक नई तरह की परेशानी सामने आई है, जिसे साइलेंट कॉल कहा जा रहा है। इस तरह की कॉल में फोन तो बजता है, लेकिन कॉल उठाने पर दूसरी तरफ से कोई आवाज नहीं आती। कई लोगों ने ऐसी कॉल्स को लेकर शिकायतें दर्ज कराई हैं।
डिपार्टमेंट ऑफ टेलीकॉम (DoT) ने इस पर चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि यह कोई तकनीकी खराबी नहीं, बल्कि साइबर ठगी और डेटा चोरी की नई चाल हो सकती है। DoT के अनुसार, स्कैमर्स साइलेंट कॉल के जरिए यह जांचने की कोशिश करते हैं कि कोई मोबाइल नंबर एक्टिव है या नहीं। जैसे ही आप कॉल उठाते हैं, आपका नंबर उनकी लिस्ट में वैध मान लिया जाता है।
अगर आपके पास ऐसी कोई कॉल आती है और दूसरी ओर से कोई आवाज नहीं आती, तो कॉल कटने के बाद उस नंबर पर वापस कॉल करने की भूल न करें। ऐसा करने से आप धोखाधड़ी का शिकार हो सकते हैं। सरकार ने लोगों से अपील की है कि ऐसी कॉल्स की तुरंत शिकायत करें। इसके लिए sancharsaathi.gov.in वेबसाइट या संचार साथी ऐप पर जाकर Chakshu फीचर के जरिए स्पैम, फ्रॉड या संदिग्ध कॉल की रिपोर्ट की जा सकती है। सतर्क रहना ही इस तरह के साइबर फ्रॉड से बचने का सबसे बेहतर तरीका है।









