जम्मू-कश्मीर में पाकिस्तान सीमा के पास कई संदिग्ध गुब्बारे बरामद किए गए हैं, जिन पर उर्दू में ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ लिखा है। सेना और स्थानीय पुलिस इन घटनाओं को गंभीरता से ले रही हैं और इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है।
सांबा जिले के रामगढ़ क्षेत्र में खानपुर गांव के खेतों से सबसे पहले एक ऐसा गुब्बारा मिला। स्थानीय लोगों ने इसे देखकर पुलिस को सूचित किया। गुब्बारे की जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इसे कौन और कहां से छोड़ा गया।
सांबा के नंदपुर और कठुआ जिले के पहाड़पुर इलाके में भी ऐसे गुब्बारे पाए गए हैं। पहाड़पुर में मिले गुब्बारे पर अंग्रेज़ी में ‘PIA’ के साथ नारा लिखा था। इन घटनाओं के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में हैं और संदिग्ध गतिविधियों पर नज़र रख रही हैं।
अधिकारियों ने बताया कि हाल के दिनों में पाकिस्तान की ओर से ऐसी हरकतें बढ़ी हैं। इसलिए सीमा के पास सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। इस बीच सेना और पुलिस संयुक्त रूप से इलाके में तलाशी और निगरानी अभियान चला रही है।









