Entertainment

दिल्ली के बाद राजस्थान में भी टैक्स फ्री हुई फरहान अख्तर की ‘120 बहादुर’

फरहान अख्तर की फिल्म 120 बहादुर को दिल्ली के बाद अब राजस्थान सरकार ने भी टैक्स फ्री कर दिया है। इस मौके पर फरहान अख्तर ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट शेयर करते हुए राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को धन्यवाद दिया। उन्होंने लिखा कि यह कदम मेजर शैतान सिंह भाटी (PVC) और चार्ली कंपनी के हर सैनिक की असाधारण बहादुरी को सम्मान देने जैसा है।

फिल्म में फरहान अख्तर ने मेजर शैतान सिंह भाटी का रोल निभाया है। 120 बहादुर रेजांग ला की लड़ाई की कहानी पेश करती है, जब चार्ली कंपनी के 120 सैनिक 3000 दुश्मन सैनिकों के सामने डटे थे। फिल्म में फरहान के अलावा राशि खन्ना, स्पर्श वालिया, विवान भटेना, धनवीर सिंह, दिग्विजय प्रताप, साहिब वर्मा, अंकित सिवाच और देवेंद्र अहिरवार जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में हैं। वरिष्ठ अधिकारियों के रोल में अजिंक्य देव और एजाज खान नजर आए हैं। फिल्म के निर्देशक रजनीश ‘रेज़ी’ घई हैं और यह 21 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। टैक्स फ्री होने के बाद फिल्म और ज्यादा दर्शकों तक पहुंच सकेगी, जिससे मेजर शैतान सिंह भाटी और चार्ली कंपनी के साहस की कहानी युवाओं तक आसानी से पहुंचेगी।