बुलंदशहर का 17 साल का होनहार छात्र आदित्य कुमार तकनीक की दुनिया में नया मुकाम स्थापित कर चुका है। मात्र 25 हजार रुपए की लागत में उसने एक ऐसा AI टीचर रोबोट तैयार किया है, जो इंसान जैसी दिखती है और पढ़ाई से जुड़े सभी सवालों का तुरंत जवाब दे सकती है। इस रोबोट का नाम आदित्य ने ‘सोफी’ रखा है।
सोफी सामान्य रोबोट नहीं है। यह किसी वास्तविक महिला शिक्षक की तरह व्यवहार करती है और छात्रों के सवालों को समझकर पलभर में उत्तर देती है। इसमें लगी LLM चिपसेट इंसानी मस्तिष्क की तरह तेजी से सोचती है और क्लासरूम में पढ़ाई को सहज बनाती है।
आदित्य अभी शिव चरण इंटर कॉलेज, बुलंदशहर में 12वीं कक्षा के छात्र हैं। उन्होंने कहा कि महीनों की मेहनत और शोध के बाद ही सोफी बन सकी है। आदित्य आगे कहते हैं कि अगर उन्हें थोड़ी तकनीकी और आर्थिक मदद मिल जाए, तो वह ऐसा 3D ह्यूमन टीचर तैयार कर सकते हैं, जो सिर्फ बोल और सुन ही नहीं, बल्कि लिख भी सके, भावनाएं समझ सके और बच्चों की मनोदशा के अनुसार उन्हें पढ़ा सके।
सोफी खुद भी कहती है कि वह आदित्य द्वारा बनाई गई AI टीचर है और शिव चरण इंटर कॉलेज में छात्रों को समझदारी से पढ़ाती है। स्कूल के शिक्षक भी आदित्य की इस उपलब्धि की सराहना कर रहे हैं और मानते हैं कि सोफी जैसी रोबोट अनुपस्थित शिक्षक की जगह भी कक्षा में बच्चों को पढ़ा सकती है। आदित्य की यह सफलता न केवल उनके परिवार और स्कूल के लिए, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बन गई है। एक स्कूली छात्र द्वारा तकनीकी क्षेत्र में ऐसा योगदान निश्चित रूप से प्रेरणादायक है।









