पंजाब निकाय चुनावों के शुरुआती नतीजों ने राज्य की राजनीति में बड़ा संदेश दिया है। आम आदमी पार्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए यह साबित कर दिया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में पार्टी की पकड़ लगातार मजबूत हो रही है। इन चुनावों को 2027 विधानसभा चुनाव से पहले का राजनीतिक सेमीफाइनल माना जा रहा है, जिसमें आम आदमी पार्टी बढ़त बनाती दिखाई दे रही है।
अब तक सामने आए परिणामों के अनुसार 480 वार्डों में से आम आदमी पार्टी 225 सीटों पर जीत दर्ज कर चुकी है। वहीं कांग्रेस 85, अकाली दल 71 और भाजपा 15 सीटों तक सिमटती नजर आ रही है। इन आंकड़ों ने साफ कर दिया है कि पंजाब में विपक्षी दलों की जमीन लगातार कमजोर हो रही है।
सबसे ज्यादा चर्चा गिद्दड़बाहा के नतीजों की हो रही है, जहां कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के गढ़ में आम आदमी पार्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गिने गए सभी 13 वार्डों में जीत हासिल की। वहीं धूरी में पार्टी ने 21 में से 20 सीटें जीतकर लगभग क्लीन स्वीप कर दिया। मुख्यमंत्री भगवंत मान के गृह क्षेत्र में मिली यह जीत पार्टी के लिए बेहद अहम मानी जा रही है।
नाभा और हरियाना नगर काउंसिल में भी आम आदमी पार्टी ने मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। मालवा और सरहिंद क्षेत्र से मिल रहे रुझानों में भी पार्टी बढ़त बनाए हुए है। इन नतीजों से साफ संकेत मिला है कि पंजाब की जनता अब विकास और काम की राजनीति को प्राथमिकता दे रही है। दूसरी ओर कांग्रेस, अकाली दल और भाजपा के सामने अपनी राजनीतिक पकड़ बचाए रखने की चुनौती और बड़ी होती दिखाई दे रही है।









