दिल्ली में कृषि भूमि की कीमतों में जल्द ही बड़ा उछाल देखने को मिल सकता है। करीब 17 साल बाद दिल्ली सरकार कृषि भूमि के सर्किल रेट में संशोधन की तैयारी कर रही है। ड्राफ्ट प्रस्ताव के अनुसार, कुछ इलाकों में मौजूदा दरों की तुलना में 8 गुना तक बढ़ोतरी हो सकती है। अगर यह प्रस्ताव लागू हुआ, तो राजधानी के ग्रामीण क्षेत्रों में जमीन की वैल्यूएशन पूरी तरह बदल जाएगी, जिसका असर जमीन की खरीद-बिक्री, रजिस्ट्री और मुआवज़े पर पड़ेगा।
वर्ष 2008 के बाद से दिल्ली में कृषि भूमि का सर्किल रेट एकसमान 53 लाख रुपये प्रति एकड़ तय था। जबकि तेजी से हुए शहरीकरण के चलते बाजार में जमीन की कीमतें कई गुना बढ़ चुकी हैं। सरकार को लंबे समय से स्टांप ड्यूटी में नुकसान हो रहा था। इसी को देखते हुए राजस्व विभाग ने किसानों और अन्य हितधारकों से बातचीत के बाद रेट रिविजन को प्राथमिकता दी है।
नए प्रस्ताव में यूनिफॉर्म रेट की जगह लोकेशन के आधार पर सर्किल रेट तय करने की योजना है। कुछ क्षेत्रों में यह दर 5 करोड़ रुपये प्रति एकड़ तक जा सकती है। दिल्ली के 200 से ज्यादा गांवों में करीब 50 हजार एकड़ कृषि भूमि मौजूद है। सरकार नियमित अंतराल पर सर्किल रेट अपडेट करने पर भी विचार कर रही है, ताकि बाजार मूल्य और सरकारी दरों में संतुलन बना रहे।









