Delhi

दिल्ली में महिला सुरक्षा को लेकर CM रेखा गुप्ता की बड़ी पहल, 181 और 112 नंबर सेव रखने की अपील

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने महिलाओं की सुरक्षा और आपातकालीन परिस्थितियों में लोगों को जल्द सहायता उपलब्ध कराने के लिए दिल्लीवासियों से खास अपील की है। उन्होंने लोगों से अपने मोबाइल फोन में महिला हेल्पलाइन नंबर 181 और इमरजेंसी हेल्पलाइन नंबर 112 सेव करके रखने को कहा है। साथ ही इन नंबरों की जानकारी परिवार के सभी सदस्यों और परिचितों तक पहुंचाने की अपील की है।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो संदेश साझा करते हुए कहा कि संकट के समय सबसे जरूरी होता है समय पर मदद मिलना। अक्सर आपातकालीन स्थिति में लोग घबरा जाते हैं और समझ नहीं पाते कि किससे संपर्क करें। ऐसे में पहले से हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी होना काफी मददगार साबित हो सकता है। रेखा गुप्ता ने कहा कि वह दिल्लीवासियों को दो ऐसे नंबर बता रही हैं, जिन्हें केवल याद ही नहीं रखना, बल्कि दिमाग में अच्छी तरह बैठा लेना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि 181 महिला हेल्पलाइन है, जबकि 112 एक यूनिवर्सल इमरजेंसी नंबर है।

181 हेल्पलाइन के जरिए महिलाएं घरेलू हिंसा, उत्पीड़न, छेड़छाड़ और अन्य परेशानियों में सहायता मांग सकती हैं। वहीं, 112 नंबर पर पुलिस, एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन सेवाओं के लिए संपर्क किया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला सुरक्षा केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि इन दोनों नंबरों को मोबाइल में सेव करने के साथ जरूरतमंद लोगों तक भी पहुंचाएं, ताकि संकट के समय बिना देरी के सहायता मिल सके।