National

ऑस्ट्रेलिया जाने वाले भारतीयों के लिए बदले वीजा नियम, अब रिटर्न टिकट के बिना नहीं कर सकेंगे यात्रा

ऑस्ट्रेलिया घूमने, परिवार से मिलने या छुट्टियां बिताने की योजना बना रहे भारतीय यात्रियों के लिए वीजा से जुड़े नियमों में बदलाव की खबर सामने आई है। नए प्रावधानों के तहत टूरिस्ट वीजा पर ऑस्ट्रेलिया पहुंचने के बाद वहां रहकर दूसरे वीजा में बदलाव करने का विकल्प सीमित कर दिया गया है। इसके साथ ही भारतीय यात्रियों के लिए वापसी टिकट की व्यवस्था को भी जरूरी बताया गया है। इन बदलावों के कारण यात्रियों को अब अपनी यात्रा की योजना पहले से अधिक सावधानी के साथ बनानी होगी।

नए नियमों के मुताबिक, टूरिस्ट वीजा पर ऑस्ट्रेलिया जाने वाले लोगों को वीजा में निर्धारित समय सीमा समाप्त होने से पहले देश छोड़ना होगा। पहले कुछ शर्तों के तहत ऑस्ट्रेलिया में रहते हुए दूसरे वीजा के लिए आवेदन करने की सुविधा उपलब्ध थी। इससे कुछ पर्यटक अपने प्रवास की अवधि बढ़ाने की कोशिश कर सकते थे। अब इस विकल्प पर रोक लगाए जाने से यात्रियों को पहले ही अपनी वापसी की तारीख तय करनी होगी।

वापसी टिकट को लेकर भी यात्रियों को अतिरिक्त तैयारी करनी पड़ेगी। पहले रिटर्न टिकट अनिवार्य नहीं था, लेकिन यात्रियों को यह दिखाना पड़ता था कि उनके पास स्वदेश लौटने के लिए पर्याप्त आर्थिक संसाधन हैं। ऑस्ट्रेलियाई गृह मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, 2025 में करीब 4.51 लाख भारतीय ऑस्ट्रेलिया पहुंचे, जबकि 2024 में यह संख्या लगभग 3 लाख थी। ऐसे में नए नियमों का असर बड़ी संख्या में भारतीय यात्रियों पर पड़ सकता है। गौरतलब है कि टूरिस्ट वीजा पर आमतौर पर तीन महीने तक रुकने की अनुमति मिलती है। इस वीजा पर नौकरी करने की इजाजत नहीं होती, जबकि अधिकतम तीन महीने तक पढ़ाई की जा सकती है।