पंजाब के पठानकोट में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर BSF के जवानों ने घुसपैठ की कोशिश नाकाम करते हुए एक पाकिस्तानी घुसपैठिये को मार गिराया। यह कार्रवाई पहाड़ीपुर पोस्ट के पास की गई। घटना के बाद सीमावर्ती इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और जवानों ने तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, संदिग्ध पाकिस्तानी घुसपैठिया भारतीय सीमा में करीब 120 मीटर अंदर तक दाखिल हो गया था। सीमा पर तैनात BSF के जवानों ने उसकी संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए उसे रुकने की चेतावनी दी। इसके बावजूद घुसपैठ की कोशिश जारी रहने पर जवानों ने कार्रवाई की, जिसमें वह मारा गया।
घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि घुसपैठिया अकेले ही सीमा पार करके आया था या उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी मौजूद था। सुरक्षा एजेंसियां उसकी पहचान और भारतीय सीमा में दाखिल होने के मकसद का पता लगाने में जुटी हैं। सीमावर्ती क्षेत्र में किसी भी संभावित खतरे को देखते हुए निगरानी बढ़ा दी गई है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और तलाशी अभियान पूरा होने के बाद ही घुसपैठ से जुड़ी अन्य जानकारियां सामने आने की उम्मीद है।


