राजधानी दिल्ली में कचरे की समस्या से निपटने के लिए सरकार एक नई पहल करने जा रही है। इसके तहत अब गुटखा, खैनी और सिगरेट के खाली पैकेट लौटाने पर लोगों को पैसे वापस मिल सकेंगे। दिल्ली सरकार डिपॉजिट रिटर्न स्कीम (DRS) लागू करने की तैयारी कर रही है। इस योजना में प्लास्टिक की बोतलों को भी शामिल किया जा सकता है।
पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने बुधवार को बताया कि सरकार तंबाकू उत्पादों की पैकेजिंग को भी इस योजना के दायरे में लाने पर विचार कर रही है। इसे लेकर पर्यावरण विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की गई है। अधिकारियों को एक महीने के भीतर योजना का विस्तृत प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रस्तावित व्यवस्था के तहत ग्राहकों को सामान खरीदते समय उसकी कीमत के अलावा एक निश्चित डिपॉजिट राशि देनी होगी। इस्तेमाल के बाद खाली पैकेट या बोतल को निर्धारित कलेक्शन सेंटर पर जमा कराने पर यह रकम वापस मिल जाएगी। सरकार का मानना है कि इससे लोग पैकेजिंग को सड़कों, नालों और खुले स्थानों पर फेंकने के बजाय वापस जमा करने के लिए प्रोत्साहित होंगे।
दिल्ली सरकार योजना को अंतिम रूप देने से पहले गोवा, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में लागू मॉडल का अध्ययन कर रही है। खासतौर पर हिमाचल के अनुभवों को भी समझा जा रहा है। बैठक में प्लास्टिक कचरे से नालों के जाम होने, जल स्रोतों के प्रदूषण और खुले में कचरा जलाने से होने वाले नुकसान पर भी चर्चा हुई। सरकार को उम्मीद है कि इस योजना से कचरा संग्रह, रीसाइक्लिंग और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।


