World

भारत की अर्थव्यवस्था और कम ब्याज दरों के मुरीद हुए ट्रंप, अमेरिका के लिए भी बताया ग्रोथ का फॉर्मूला

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत की आर्थिक विकास दर और कम ब्याज दरों की सराहना की है। उन्होंने भारतीय अर्थव्यवस्था का उदाहरण देते हुए कहा कि अमेरिका भी अगर कम ब्याज दरों की नीति अपनाए तो उसकी आर्थिक वृद्धि को नई ऊंचाई पर पहुंचाया जा सकता है। ट्रंप ने अमेरिकी फेडरल रिजर्व से ब्याज दरों में कटौती करने की पैरवी की। शुक्रवार को व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने भारत की करीब 7 प्रतिशत जीडीपी ग्रोथ और कम इंटरेस्ट रेट का जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि अमेरिका में भी ब्याज दरें कम रखी जाएं तो देश की अर्थव्यवस्था 14 से 15 प्रतिशत तक की विकास दर हासिल कर सकती है। उन्होंने अपनी बात रखते हुए जीडीपी ग्रोथ को 20 प्रतिशत तक पहुंचाने की संभावना का भी उल्लेख किया।

ट्रंप ने कहा कि अमेरिका में मौजूदा ब्याज दरें जरूरत से ज्यादा हैं। उन्होंने इसके लिए फेडरल रिजर्व की नीतियों और उसके राजनीतिक रुख को जिम्मेदार ठहराया। उनके मुताबिक, जब देश के आर्थिक आंकड़े मजबूत होते हैं और विकास की रफ्तार अच्छी रहती है, तब केंद्रीय बैंक को ब्याज दरें बढ़ाने के बजाय कम करने पर विचार करना चाहिए। अमेरिकी राष्ट्रपति का तर्क है कि बेहतर आर्थिक प्रदर्शन से देश की कर्ज चुकाने की क्षमता मजबूत होती है। ऐसे में ऊंची ब्याज दरें आर्थिक गतिविधियों को प्रभावित कर सकती हैं। गौरतलब है कि ट्रंप इससे पहले भारत की अर्थव्यवस्था को ‘डेड इकोनॉमी’ कहकर आलोचना कर चुके हैं। ऐसे में अब भारतीय आर्थिक विकास और कम ब्याज दरों की उनकी तारीफ चर्चा का विषय बन गई है। एशिया दौरे से लौटने के बाद भारत को लेकर उनकी यह टिप्पणी खास महत्व रखती है।