चक्रवात ‘AKVAN’ के संभावित खतरे को देखते हुए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) ने राहत एवं बचाव कार्यों के लिए अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। संभावित प्रभावित क्षेत्रों में NDRF की टीमों को तैनात किया गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में लोगों तक तुरंत मदद पहुंचाई जा सके। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में कुल 49 टीमों को तैयार रखा गया है। इनमें 31 टीमें तैनात हैं, जबकि 18 टीमों को रिजर्व में रखा गया है।
ओडिशा में सबसे अधिक टीमें तैनात
चक्रवात से निपटने के लिए ओडिशा को विशेष प्राथमिकता दी गई है। यहां कुल 17 NDRF टीमें तैयार हैं। इनमें 14 टीमें भुवनेश्वर, बालासोर, केंद्रपाड़ा, गंजाम, पुरी, जगतसिंहपुर, कोरापुट और अन्य संवेदनशील इलाकों में तैनात की गई हैं। शेष 3 टीमें रिजर्व में रहेंगी। आंध्र प्रदेश में 14 टीमों की व्यवस्था की गई है। इनमें 9 टीमें विशाखापट्टनम, श्रीकाकुलम, पी. मन्यम और कृष्णा में तैनात हैं, जबकि 5 रिजर्व में रखी गई हैं। वहीं, तमिलनाडु में 13 टीमें तैयार हैं। इनमें 3 टीमें चेन्नई, तिरुवल्लूर और तिरुनेलवेली में तैनात हैं तथा 10 रिजर्व में हैं। इसके अलावा तेलंगाना के हैदराबाद में 3, छत्तीसगढ़ के दुर्ग में 1 और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में 1 टीम तैनात की गई है।
अतिरिक्त बचाव दल भी तैयार
NDRF ने जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त सहायता पहुंचाने के लिए ओडिशा के मुंडाली, कृष्णा और अरक्कोनम स्थित बटालियन मुख्यालयों में भी टीमों को तैयार रखा है। चक्रवात के दौरान तेज हवाओं, भारी बारिश, बाढ़ और जलभराव जैसी समस्याएं पैदा हो सकती हैं। ऐसे में NDRF की टीमें लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने, बाढ़ में फंसे लोगों को निकालने और आपात राहत उपलब्ध कराने का काम करेंगी। इन तैयारियों का मकसद संभावित नुकसान को कम करना और प्रभावित लोगों को समय पर सहायता पहुंचाना है।


