National

Instagram पर अश्लील और हिंसक कंटेंट पर लगेगी लगाम, केंद्र की सख्ती के बाद Meta ने बदले नियम

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर अब यूजर्स को अश्लील, भड़काऊ और हिंसक कंटेंट पहले के मुकाबले कम दिखाई देगा। केंद्र सरकार की सलाह के बाद Meta ने अपने कंटेंट रिकमेंडेशन सिस्टम में बदलाव किए हैं। इन बदलावों का उद्देश्य यूजर्स को आपत्तिजनक और अनुचित सामग्री से बचाना है।

मेटा के मुताबिक, नए नियम उन अकाउंट्स की पोस्ट पर लागू होंगे, जिन्हें यूजर्स फॉलो नहीं करते हैं। इसमें इंस्टाग्राम की रील्स और मुख्य फीड दोनों शामिल हैं। कंपनी अब ऐसे कंटेंट की पहचान करने और उसे रिकमेंडेशन से दूर रखने के लिए अपने सिस्टम को मजबूत कर रही है। हालांकि, इंस्टाग्राम के कम्युनिटी गाइडलाइंस का उल्लंघन नहीं करने वाली पोस्ट प्लेटफॉर्म पर मौजूद रहेंगी, लेकिन जरूरी नहीं कि वे यूजर्स की फीड में भी दिखाई दें।

मेटा ने बताया कि इंस्टाग्राम पर पोस्ट और वीडियो को रिकमेंड करने से पहले आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मॉडल के जरिए उनका आकलन किया जाता है। भारत में अश्लील और आपत्तिजनक सामग्री की बेहतर पहचान के लिए इस तकनीक को और प्रभावी बनाया गया है। कंपनी के अनुसार, पिछले एक साल में डिफॉल्ट सुरक्षा उपायों को मजबूत किया गया है। इसके चलते रिकमेंड किए गए कंटेंट को लेकर यूजर्स की शिकायतों में भी कमी आई है।

गौरतलब है कि 10 अक्टूबर को IT मंत्रालय ने मेटा को एडवाइजरी जारी कर कंटेंट रैंकिंग और रिकमेंडेशन सिस्टम की समीक्षा करने को कहा था। मंत्रालय ने भ्रामक, छेड़छाड़ किए गए और हिंसा भड़काने वाले कंटेंट को लेकर चिंता जताई थी। साथ ही, यूजर्स को एकतरफा जानकारी दिखाने से बचने और अलग-अलग विचारों को उचित स्थान देने की सलाह भी दी थी। हालांकि, मेटा ने अपने नए बदलावों को सीधे तौर पर सरकारी एडवाइजरी से नहीं जोड़ा है।