फिलीपींस की राजधानी मनीला में आयोजित 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने भारत और आसियान देशों के बीच मजबूत होते संबंधों, क्षेत्रीय सहयोग और भविष्य की साझा चुनौतियों पर अपने विचार रखे। पीएम मोदी ने कहा कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों में दुनिया को शांति, स्थिरता और भरोसे की पहले से कहीं अधिक जरूरत है।सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि बीते कुछ वर्षों में दुनिया ने कई बड़े संकटों का सामना किया है। ऐसे समय में इस साल की शिखर सम्मेलन की थीम ‘नेविगेटिंग आवर फ्यूचर टुगेदर’ यानी मिलकर अपने भविष्य की दिशा तय करना काफी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि भारत की एक्ट ईस्ट पॉलिसी ने भारत-आसियान संबंधों को नई ऊर्जा और मजबूती प्रदान की है।
पीएम मोदी के मुताबिक, भारत और आसियान के रिश्ते अब केवल साझा संस्कृति और ऐतिहासिक विरासत तक सीमित नहीं हैं, बल्कि डिजिटल तकनीक, रक्षा, अंतरिक्ष और अन्य आधुनिक क्षेत्रों में भी सहयोग लगातार बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री ने बताया कि वर्ष 2014 से अब तक दोनों पक्षों के बीच जनसंपर्क को मजबूत बनाने के लिए 100 से ज्यादा पहल की गई हैं। इसके अलावा करीब 250 क्विक इम्पैक्ट प्रोजेक्ट शुरू किए गए हैं और कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए 10 हजार से अधिक छात्रवृत्तियां प्रदान की गई हैं। भारत और आसियान देशों के बीच सीधी हवाई सेवाओं तथा पर्यटन में बढ़ोतरी को उन्होंने आपसी नजदीकी का उदाहरण बताया।
पीएम मोदी ने कहा कि भारत की तरक्की और आसियान देशों की समृद्धि एक-दूसरे से जुड़ी हुई हैं। आने वाले समय में आसियान कम्युनिटी विजन 2045 और विकसित भारत 2047 दोनों क्षेत्रों की साझा उम्मीदों को पूरा करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि भारत आसियान की एकता और केंद्रीय भूमिका का पूरा सम्मान करता है। प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि यह शिखर सम्मेलन व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करेगा तथा सुरक्षित, समावेशी और समृद्ध हिंद-प्रशांत क्षेत्र के निर्माण में मददगार साबित होगा।


