समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आगरा में आयोजित दलित सम्मेलन के दौरान भारतीय जनता पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के यूपी में भाजपा सरकार को अंगद का पैर बताने वाले बयान पर तंज कसते हुए कहा कि कुछ लोग दावा कर रहे थे कि उनका पैर अंगद की तरह जमा हुआ है, लेकिन आगरा में PDA आंदोलन की शुरुआत के बाद उनकी जमीन ही खिसक जाएगी। जब जमीन नहीं बचेगी तो पैर कहां रखेंगे?
अखिलेश यादव ने कहा कि PDA आंदोलन की शुरुआत आगरा से हो रही है और इस बार दलित समाज भाजपा को सत्ता से बाहर करने का काम करेगा। उन्होंने PDA के D का मतलब दमदार दलित बताते हुए कहा कि पिछले 10 वर्षों में प्रदेश में भेदभाव की राजनीति हुई है। भाजपा सरकार के कार्यकाल में दलितों पर अत्याचार बढ़े हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं को भी निशाना बनाया गया और करीब 200 बार उनकी मूर्तियां तोड़ी गईं। सपा प्रमुख ने वाराणसी में हुए MLC चुनाव में भाजपा की हार का जिक्र करते हुए कहा कि काशी में डबल इंजन की सरकार डबल जीरो साबित हुई है। उन्होंने भर्ती परीक्षाओं के रद्द होने का मुद्दा भी उठाया। अखिलेश के मुताबिक, सरकार परीक्षाएं इसलिए रद्द करवा रही है क्योंकि नौकरी देने पर आरक्षण भी देना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि इस बार लाठी की हार होगी और लैपटॉप की जीत होगी। वहीं, असदुद्दीन ओवैसी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि राजनीति के नए खिलाड़ी मैदान में आ गए हैं, लेकिन उनका OTP कहीं और से आ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग दूसरों के इशारे पर राजनीति कर रहे हैं। अखिलेश ने चंद्रशेखर आजाद और ओवैसी के गठबंधन पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि भाजपा के साथ-साथ अब नए लोग भी PDA की परिभाषा समझाने लगे हैं। PDA का मतलब है- पलट देंगे आगरा। गौरतलब है कि शनिवार रात मेरठ में ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के बीच मुलाकात हुई थी।


