अमृतसर की अदालत ने असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद सांसद अमृतपाल सिंह को उनकी दादी चरण कौर के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए एक दिन की पैरोल दी है। इस फैसले के बाद अमृतपाल सिंह करीब तीन साल से अधिक समय के बाद पंजाब लौटेंगे। 32 वर्षीय अमृतपाल सिंह पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत कार्रवाई की गई है। इसके अलावा उन पर गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम यानी UAPA के तहत भी मामले दर्ज हैं।
पंजाब पुलिस ने एक महीने से अधिक समय तक तलाश करने के बाद उन्हें मोगा जिले के रोडे गांव से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी से बचने के लिए अमृतपाल लगातार अपने वाहन और भेष बदल रहा था। पुलिस की यह तलाश 23 फरवरी 2023 को अमृतसर के अजनाला थाने में हुई घटना के बाद शुरू हुई थी। उस दिन अमृतपाल अपने समर्थकों के साथ थाने पहुंचा था। समर्थकों ने बैरिकेड्स तोड़ दिए थे और कई लोगों के हाथों में तलवारें व अन्य हथियार थे। उनका उद्देश्य अपने एक साथी को हिरासत से छुड़ाना था।
जेल में रहते हुए जीता था लोकसभा चुनाव
अमृतपाल सिंह ने जेल में बंद रहने के दौरान 2024 का लोकसभा चुनाव निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में लड़ा था। उन्होंने खडूर साहिब सीट से जीत दर्ज की थी। वहीं, अजनाला थाने से जुड़े मामले में गिरफ्तार उनके नौ सहयोगियों को डिब्रूगढ़ जेल से पंजाब वापस लाया गया है। सुप्रीम कोर्ट ने उनकी हिरासत को चुनौती देने वाली याचिका पर सुनवाई से इनकार करते हुए उन्हें पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट जाने का निर्देश दिया था।
2027 के चुनाव में केहर सिंह के बेटे को टिकट
दूसरी ओर, अकाली दल (वारिस पंजाब दे) ने 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने इंदिरा गांधी हत्याकांड में दोषी ठहराए गए केहर सिंह के बेटे सतवंत सिंह को फतेहगढ़ साहिब जिले की बस्सी पठाना विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाने का ऐलान किया है। केहर सिंह को पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या की साजिश में दोषी पाया गया था। बाद में उन्हें फांसी दे दी गई थी। पार्टी की ओर से सतवंत सिंह को टिकट दिए जाने के फैसले को पंथिक राजनीति और सिख समुदाय से जुड़े राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी नेताओं के मुताबिक, उम्मीदवार का चयन पंथ और समुदाय से जुड़े परिवारों को राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने की सोच के तहत किया गया है। इस घोषणा के बाद पंजाब की राजनीति में नई चर्चा शुरू हो गई है। खास बात यह है कि बस्सी पठाना सीट से अन्य दावेदारों की मौजूदगी के कारण आगामी चुनाव में इस क्षेत्र की राजनीतिक गतिविधियों पर भी नजर रहेगी।


