उत्तर प्रदेश के अयोध्या में भव्य दीपोत्सव के संपन्न होने के बाद एक नया राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। जहां 30 लाख मिट्टी के दीये जलाकर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने की उपलब्धि की चर्चा हो रही है, वहीं दूसरी ओर सरयू नदी के घाटों पर बचे हुए दीयों से तेल निकालते गरीब लोगों के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इन तस्वीरों ने प्रदेश की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू कर दिया है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस मामले को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दो वीडियो साझा किए, जिनमें कुछ लोग डंडों के सहारे अन्य लोगों को दीयों से तेल इकट्ठा करने से रोकते और कथित तौर पर मारपीट करते नजर आ रहे हैं।
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि गरीब और जरूरतमंद लोगों को बचे हुए तेल के लिए अपमान और उत्पीड़न झेलना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर गरीबों को राशन के साथ सरसों का तेल उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि उन्हें इस तरह की परिस्थितियों का सामना न करना पड़े। उन्होंने महिला आयोग से भी मामले का संज्ञान लेकर आयोजकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। वहीं, अयोध्या के महापौर और भाजपा नेता गिरीश पति त्रिपाठी ने इन आरोपों पर सफाई दी है। उन्होंने कहा कि नगर प्रशासन ने दीपोत्सव से पहले ही झुग्गी-बस्तियों में रहने वाले जरूरतमंद परिवारों के बीच तेल और मिठाइयों का वितरण कराया था। इस बार उन्होंने स्वयं वितरण व्यवस्था की निगरानी भी की थी।
महापौर ने स्वीकार किया कि इसके बावजूद ऐसी घटनाएं सामने आना चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि भविष्य में इस समस्या से बचने के लिए दीपोत्सव के तुरंत बाद दीयों को हटाने के विकल्प पर विचार किया जा सकता है। हालांकि, लाखों दीयों के एक साथ जलने के कारण तत्काल उन्हें हटाना आसान नहीं है। इस मुद्दे पर अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार को घेरते हुए आगामी चुनाव को महिला और युवाओं बनाम भाजपा की लड़ाई बताया है।


