National Politics

सोनिया गांधी ने किताब में खोले 2004 के राज, बताया क्यों ठुकराया था प्रधानमंत्री पद

कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब Belonging: A Journey of Love 10 नवंबर से बाजार में उपलब्ध हो रही है। किताब के प्रकाशित होने से पहले ही इसका एक अंश चर्चा में आ गया है। इसमें सोनिया गांधी ने साल 2004 में प्रधानमंत्री पद स्वीकार नहीं करने के अपने फैसले से जुड़े कई अहम खुलासे किए हैं। उन्होंने बताया है कि उस समय उनके मन में राजनीतिक जिम्मेदारियों और परिवार की चिंताओं के बीच गहरी उथल-पुथल चल रही थी। सोनिया गांधी के मुताबिक, प्रधानमंत्री पद को लेकर उनके बेटे राहुल गांधी और बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा की राय बिल्कुल स्पष्ट थी। दोनों नहीं चाहते थे कि उनकी मां प्रधानमंत्री बनें। इसकी बड़ी वजह परिवार का अतीत था। उन्होंने अपनी दादी इंदिरा गांधी और पिता राजीव गांधी को हिंसा में खोया था। ऐसे में उन्हें डर था कि प्रधानमंत्री बनने के बाद उनकी मां की सुरक्षा पर भी खतरा बढ़ सकता है।

सोनिया ने लिखा कि 2004 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत के बाद उन पर प्रधानमंत्री बनने का दबाव बढ़ने लगा था। पार्टी नेताओं और समर्थकों की उम्मीदें उनके सामने थीं, लेकिन उनका मन इस जिम्मेदारी को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं था। उन्हें यह भी चिंता थी कि पद ठुकराने से पार्टी कार्यकर्ताओं और मतदाताओं को निराशा होगी। किताब में उन्होंने उस रात का जिक्र किया है, जब तमाम विचारों के बीच आखिरकार उन्होंने प्रधानमंत्री नहीं बनने का फैसला किया। उनके मुताबिक, उस समय उन्हें भीतर से आवाज आई कि उन्हें अपने मन की बात सुननी चाहिए।

उन्होंने विदेशी मूल के मुद्दे को लेकर भी चिंता जताई। सोनिया को आशंका थी कि उनके प्रधानमंत्री बनने पर बीजेपी इस मुद्दे को राजनीतिक विवाद बना सकती है, जिसका असर सरकार के कामकाज पर पड़ेगा। आखिरकार उन्होंने प्रधानमंत्री पद छोड़ने का फैसला किया और डॉ. मनमोहन सिंह का नाम आगे बढ़ाया। इस तरह 2004 में यूपीए सरकार की कमान मनमोहन सिंह को मिली।