अमेरिका में मिडटर्म चुनाव के नतीजों के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनकी रिपब्लिकन पार्टी को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी ने संसद के दोनों सदनों हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स और सीनेट में बहुमत हासिल किया है। चुनावी नतीजों का असर अब अमेरिकी राजनीति से लेकर शेयर बाजार और कारोबारी जगत तक दिखाई देने लगा है। इस चुनाव में ट्रंप का समर्थन करने वाले अरबपति कारोबारी एलन मस्क को भी बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ है। बताया जा रहा है कि मस्क ने रिपब्लिकन उम्मीदवारों के प्रचार अभियान पर करीब 458 मिलियन डॉलर यानी लगभग 4,400 करोड़ रुपये खर्च किए थे। इसके बावजूद पार्टी को जीत नहीं मिल सकी। चुनाव के बाद मस्क ने रिपब्लिकन उम्मीदवारों के समर्थन में किए गए अपने सोशल मीडिया पोस्ट भी हटा दिए। फाइनेंशियल टाइम्स के अनुमान के अनुसार, उनकी कुल संपत्ति में करीब 2.8 लाख करोड़ रुपये की गिरावट आई है।
हरमीत ढिल्लों का इस्तीफा
चुनाव परिणामों के बाद ट्रंप प्रशासन में भी बदलाव देखने को मिला है। भारतीय मूल की हरमीत कौर ढिल्लों ने अमेरिकी न्याय विभाग के सिविल राइट्स डिवीजन के प्रमुख पद से इस्तीफा दे दिया है। अटॉर्नी जनरल टॉड ब्लैंच ने गुरुवार को इसकी पुष्टि की और उनके कार्यकाल की सराहना की। हरमीत ने बताया कि उन्होंने खुद पद छोड़ने का निर्णय लिया था और चुनाव परिणाम आने तक घोषणा टाल दी थी।
अमेरिकी शेयर बाजार में बड़ी गिरावट
चुनावी नतीजों के बाद अमेरिकी शेयर बाजार में भी भारी बिकवाली देखने को मिली। S&P 500 में 3.77 फीसदी, डॉऊ जोन्स में करीब 3 फीसदी और नैस्डैक में 5.52 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। टेक्नोलॉजी और सेमीकंडक्टर कंपनियों के शेयरों पर विशेष दबाव रहा। एनविडिया के शेयर करीब 9 फीसदी और माइक्रॉन टेक के शेयर 17 फीसदी तक टूट गए। रिपोर्ट के मुताबिक, इस गिरावट से निवेशकों की करीब 2.9 ट्रिलियन डॉलर की संपत्ति घट गई।


