जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। खबरों के मुताबिक, उन्होंने पत्रकार निधि राजदान के साथ शादी कर ली है। मुख्यमंत्री ने खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शादी की तस्वीरें साझा करते हुए इस नए रिश्ते की जानकारी दी। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, ‘कल एक नए सफर की शुरुआत हुई।’ उनकी इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर उन्हें बधाइयां मिल रही हैं।
उमर अब्दुल्ला और निधि राजदान के रिश्ते को लेकर पिछले काफी समय से अटकलें लगाई जा रही थीं। निधि राजदान को इससे पहले भी उमर अब्दुल्ला के कई सार्वजनिक कार्यक्रमों और मुख्यमंत्री पद के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान उनके साथ देखा गया था। हालांकि, दोनों ने अपने रिश्ते को लेकर सार्वजनिक रूप से ज्यादा कुछ नहीं कहा था।
गौरतलब है कि उमर अब्दुल्ला का इसी साल उनकी पहली पत्नी पायल अब्दुल्ला के साथ तलाक हुआ था। दोनों की शादी सितंबर 1994 में हुई थी, लेकिन लंबे समय से वे एक-दूसरे से अलग रह रहे थे। तलाक की कानूनी प्रक्रिया भी काफी लंबी चली। उमर अब्दुल्ला ने 2016 में फैमिली कोर्ट में तलाक की अर्जी दाखिल की थी, जिसे अदालत ने खारिज कर दिया था। इसके बाद उन्होंने दिल्ली हाईकोर्ट का रुख किया, लेकिन वहां से भी उन्हें राहत नहीं मिली।
हाईकोर्ट ने कहा था कि उमर अब्दुल्ला अपनी पत्नी पर लगाए गए क्रूरता के आरोपों को पर्याप्त रूप से साबित नहीं कर पाए। इसके बाद उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में अपील की। अगस्त 2024 में शीर्ष अदालत ने दोनों पक्षों की सहमति से मामले को मध्यस्थता के लिए भेज दिया था। अब निधि राजदान के साथ शादी की खबरों के बीच उमर अब्दुल्ला की निजी जिंदगी एक बार फिर सुर्खियों में आ गई है।

