Delhi

शराब के शौकीनों के लिए दिल्ली में नई सुविधा, लॉन्च हुआ ‘दिल्ली लिकर बुकिंग’ ऐप

राजधानी दिल्ली में शराब खरीदने वालों के लिए एक नई सुविधा शुरू की गई है। दिल्ली राज्य औद्योगिक एवं आधारभूत ढांचा विकास निगम (DSIIDC) ने ‘दिल्ली लिकर बुकिंग’ नाम से मोबाइल ऐप लॉन्च किया है। इसके जरिए ग्राहक घर बैठे अपनी पसंद का ब्रांड चुनकर ऑनलाइन बुकिंग और भुगतान कर सकेंगे। हालांकि, इस सुविधा के तहत शराब की होम डिलीवरी नहीं होगी। ग्राहकों को बुकिंग के बाद संबंधित दुकान पर जाकर ही अपना ऑर्डर लेना होगा।

ऐप के माध्यम से ग्राहक उपलब्ध ब्रांड की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके बाद अपनी पसंद की दुकान चुनकर शराब का ब्रांड, बोतल का आकार और मात्रा तय की जा सकती है। ऑनलाइन बुकिंग और भुगतान पूरा होने के बाद ग्राहक को एक क्यूआर कोड मिलेगा। दुकान पर इस कोड को स्कैन करने के बाद शराब का ऑर्डर प्राप्त किया जा सकेगा।

इस सुविधा का लाभ लेने वाले ग्राहकों को समयसीमा का विशेष ध्यान रखना होगा। बुकिंग करने के बाद 48 घंटे के भीतर संबंधित दुकान से शराब लेनी अनिवार्य होगी। वहीं, ऑर्डर प्राप्त करने से पहले बुकिंग रद्द करने का विकल्प भी उपलब्ध है। हालांकि, उत्पाद खरीदने या प्राप्त करने के बाद उसे वापस नहीं किया जा सकेगा।

फिलहाल यह सुविधा DSIIDC के 208 सरकारी शराब आउटलेट्स पर उपलब्ध कराई गई है। दिल्ली में चार सरकारी निगमों के माध्यम से 700 से अधिक दुकानों पर शराब की बिक्री होती है, लेकिन अभी सभी दुकानों को इस व्यवस्था से नहीं जोड़ा गया है। इस पहल का उद्देश्य दुकानों पर लंबी कतारों को कम करना, भीड़ का दबाव घटाना और खरीदारी की प्रक्रिया को अधिक सुविधाजनक बनाना है।