National Uttar Pradesh

अयोध्या जाने से पहले जान लें नई समय-सारणी, 1 नवंबर से बदल जाएगा रामलला के दर्शन का समय

रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या जाने की योजना बना रहे श्रद्धालुओं के लिए जरूरी खबर है। ऋतु परिवर्तन को ध्यान में रखते हुए श्रीरामजन्मभूमि मंदिर में रामलला की दैनिक पूजा, आरती, भोग, विश्राम और दर्शन की समय-सारणी में बदलाव किया गया है। नई व्यवस्था रविवार, 1 नवंबर 2026 से लागू होगी। इसके तहत मंदिर के पट सुबह 4 बजे खुलेंगे और रात 10 बजे बंद कर दिए जाएंगे।

वर्तमान व्यवस्था में मंदिर के पट सुबह 3:45 बजे खुलते हैं और रात 10:30 बजे बंद होते हैं। नई समय-सारणी के अनुसार, सुबह 4:30 से 4:40 बजे तक मंगला आरती होगी। इसके बाद सुबह 6:30 बजे श्रृंगार आरती होगी और सुबह 7 बजे से श्रद्धालु रामलला के दर्शन कर सकेंगे।

सुबह 8 बजे से 8:10 बजे तक बालभोग के लिए मंदिर के पट बंद रहेंगे। इसके बाद सुबह 11:30 बजे राजभोग की प्रक्रिया शुरू होगी और दोपहर 12 बजे राजभोग आरती संपन्न होगी। दोपहर 12:30 से 1:30 बजे तक रामलला विश्राम करेंगे। इस दौरान दर्शन बंद रहेंगे। पुजारी प्रवेश और अल्पभोग की प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोपहर 1:35 बजे से दर्शन फिर शुरू होंगे।

शाम को 4 बजे से 4:10 बजे तक बालभोग के लिए पट बंद रहेंगे। इसके बाद शाम 7 बजे संध्या आरती होगी। रात 9:30 बजे शयन आरती के बाद रात 10 बजे मंदिर के पट बंद कर दिए जाएंगे। नई समय-सारणी लागू होने के बाद श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए निकलने से पहले निर्धारित समय का ध्यान रखना होगा, ताकि उन्हें मंदिर पहुंचने पर असुविधा न हो।