दिल्ली में डीटीसी और क्लस्टर बसों से सफर करने वाली महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा से जुड़े नियमों में बदलाव किया गया है। दिल्ली सरकार ने अब मुफ्त बस यात्रा का लाभ लेने के लिए ‘पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड’ (NCMC) को अनिवार्य करने की अधिसूचना जारी की है। यह नियम एसी और नॉन-एसी दोनों तरह की बसों पर लागू होगा।
नई व्यवस्था के तहत दिल्ली में रहने वाली महिलाएं पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड के जरिए ही मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। हालांकि, जिन यात्रियों के पास कार्ड नहीं है या जो निर्धारित किराया देकर सफर करना चाहती हैं, उनके लिए टिकट लेकर यात्रा करने का विकल्प जारी रहेगा।
वहीं, नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम समेत एनसीआर के अन्य शहरों से दिल्ली आने वाली महिलाओं को अब मुफ्त यात्रा की सुविधा नहीं मिलेगी। उन्हें बस में निर्धारित किराया देकर टिकट लेना होगा। पिंक सहेली कार्ड दिल्ली के आधार कार्ड धारकों को जारी किए जा रहे हैं।
सरकार के मुताबिक, दिल्ली में अब तक करीब 19 लाख पिंक सहेली कार्ड जारी किए जा चुके हैं। कागजी पिंक टिकट की व्यवस्था को समाप्त कर स्मार्ट कार्ड लागू करने की प्रक्रिया 8 मार्च से शुरू हुई थी। अधिकारियों के अनुसार, दिल्ली में 38 केंद्रों पर अभी भी पिंक सहेली कार्ड बनाए जा रहे हैं। इसके अलावा, योजना के तहत ट्रांसजेंडर यात्रियों को भी मुफ्त बस यात्रा की सुविधा देने का प्रावधान किया गया है।


