एशियन गेम्स 2026 के मेंस क्रिकेट फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को 19 रन से हराकर लगातार दूसरी बार गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इस जीत के साथ युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने भी इतिहास रच दिया। 15 साल और 190 दिन की उम्र में गोल्ड मेडल जीतकर वह एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक हासिल करने वाले सबसे कम उम्र के भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं।
वैभव ने इस मामले में भारतीय निशानेबाज सौरभ चौधरी का रिकॉर्ड पीछे छोड़ा। सौरभ ने 2018 जकार्ता एशियन गेम्स में 16 साल और 101 दिन की उम्र में पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीता था।
टूर्नामेंट में वैभव का प्रदर्शन भी प्रभावी रहा। उन्होंने दो मुकाबलों में कुल 53 रन बनाए। उनका औसत 26.50 और स्ट्राइक रेट 176.67 रहा। श्रीलंका के खिलाफ सेमीफाइनल में उन्होंने 38 रन की पारी खेली, जबकि फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ 9 गेंदों पर 15 रन बनाए, जिसमें दो छक्के शामिल थे।
फाइनल में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट पर 211 रन बनाए। अभिषेक शर्मा ने 61 और तिलक वर्मा ने नाबाद 51 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान की टीम 20 ओवर में 6 विकेट पर 192 रन ही बना सकी। हसन नवाज ने 96 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। भारत की ओर से अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर और शिवम दुबे ने दो-दो विकेट लिए।


