अक्टूबर का फेस्टिव सीजन इस बार सिनेमा प्रेमियों के लिए खास होने वाला है। बॉलीवुड फिल्मों के साथ साउथ सिनेमा की करीब 11 फिल्में अलग-अलग भाषाओं और जॉनर के साथ सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही हैं। खास बात यह है कि इन फिल्मों में रजनीकांत, विजय देवरकोंडा, विजय सेतुपति, फहद फासिल, शिव राजकुमार और वेंकटेश दग्गुबाती जैसे बड़े नाम शामिल हैं। एक्शन, थ्रिलर, माइथोलॉजिकल और कॉमेडी-ड्रामा से लेकर अलग-अलग जॉनर की फिल्मों के चलते पूरे महीने सिनेमाघरों में मुकाबला देखने को मिलेगा।
1 अक्टूबर से शुरू होगा रिलीज का सिलसिला। महीने की शुरुआत विजय सेतुपति की ‘बत्था’ और निवीन पॉली की ‘येझू काडल येझू मलाई’ से हो रही है। इसके अगले दिन यानी 2 अक्टूबर को शिव राजकुमार की ‘बेल’, फहद फासिल की ‘डोंट ट्रबल द ट्रबल’ और सुदीप किशन की ‘सिगमा’ रिलीज होने वाली हैं। इन शुरुआती रिलीज का मुकाबला बॉलीवुड की ‘दृश्यम 3’ से भी होगा।
अक्टूबर के दूसरे हिस्से में बड़े स्टार्स की फिल्मों की रफ्तार और तेज होगी। वेंकटेश दग्गुबाती की ‘आदर्श कुटुंबम हाउस नंबर 47’ 9 अक्टूबर को, रजनीकांत की ‘जेलर 2’ 15 अक्टूबर को और विजय देवरकोंडा की ‘राणाबाली’ 16 अक्टूबर को रिलीज होगी। इसके बाद ममिथा बैजू की ‘इरांडु वानम’ 23 अक्टूबर को सिनेमाघरों में पहुंचेगी।
महीने के आखिरी हफ्ते में भी रिलीज की कतार जारी रहेगी। अनश्वरा राजन की ‘इटलू अर्जुन’ और विश्वक सेन की ‘कल्ट’ 30 अक्टूबर को रिलीज होने वाली हैं। विश्वक सेन के लिए यह खास दौर होगा, क्योंकि उनकी लगातार तीन फिल्मों की रिलीज का सिलसिला अक्टूबर से शुरू होकर नवंबर और दिसंबर तक जारी रहने वाला है।
नजरें रजनीकांत की ‘जेलर 2’ पर भी रहेंगी। पहली ‘जेलर’ ने बॉक्स ऑफिस पर 600 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार किया था। ऐसे में सीक्वल को लेकर दर्शकों और ट्रेड में काफी उम्मीदें हैं। हालांकि, 1000 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करने की चर्चाएं फिलहाल ट्रेड अनुमान हैं, इसे फिल्म की वास्तविक कमाई के तौर पर नहीं देखा जा सकता। अब देखना होगा कि अक्टूबर में रिलीज होने वाली ये बड़ी साउथ फिल्में बॉक्स ऑफिस पर दर्शकों को कितना आकर्षित कर पाती हैं।


