बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रविवार को तेज हवाओं के बीच इंडिगो विमान की लैंडिंग के दौरान बड़ा हादसा टल गया। गुवाहाटी से बेंगलुरु जा रही फ्लाइट 6E 6542 के दूसरे लैंडिंग प्रयास के दौरान विमान के पिछले हिस्से का रनवे से असामान्य संपर्क हुआ। घटना को संभावित टेल स्ट्राइक के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, विमान में सवार सभी यात्री और क्रू सदस्य सुरक्षित हैं।
इंडिगो के प्रवक्ता के अनुसार, लैंडिंग के दौरान विमान को असामान्य स्थिति का सामना करना पड़ा। घटना के बाद सभी यात्रियों और क्रू सदस्यों को सुरक्षित तरीके से विमान से उतार लिया गया। किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के तहत संबंधित अधिकारियों को घटना की जानकारी दे दी गई है।
प्रवक्ता ने बताया कि विमान को फिलहाल सेवा से बाहर कर मेंटेनेंस और तकनीकी जांच के लिए भेजा गया है। आवश्यक निरीक्षण और संबंधित अधिकारियों से मंजूरी मिलने के बाद ही विमान को दोबारा उड़ान भरने की अनुमति दी जाएगी। टेल स्ट्राइक की स्थिति में लैंडिंग या टेक-ऑफ के दौरान विमान का पिछला हिस्सा रनवे के संपर्क में आ जाता है। फिलहाल घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि नहीं हुई है। तेज हवाओं की भूमिका की भी जांच की जा रही है। इससे पहले भी इंडिगो की कुछ उड़ानों में तकनीकी और परिचालन संबंधी घटनाएं सामने आ चुकी हैं।


